अंबाला सिटी। कपड़े की थोक मार्केट स्थित दुर्गा मार्केट में वीरवार देरशाम साहिब कलेक्शन के दो मंजिला शोरूम में लगी आग से 80 लाख रुपये का नुकसान होने की संभावना है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शोरूम के संचालक तेजपाल मंगा ने बताया कि वीरवार शाम को चार बजे शोरूम बंद किया था। करीब साढ़े सात बजे फोन पर सूचना मिली थी कि शोरूम में भयंकर आग लगी है और दमकल विभाग के कर्मचारी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। आनन-फानन में शोरूम पर पहुंचा तो शोरूम से आग की लपटें निकल रही थी।
आग की स्थिति विराट रूप ले चुकी थी। इस कारण शोरूम में रखे सभी प्रकार के कपड़े जलकर राख हो गए। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने करीब छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया था। खास बात यह रही कि अन्य दुकानों में आग लगने से बचाव हो गया। वहीं शोरूम के सीनियर सेल्समैन बबलू ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने ऊपरी मंजिल व नीचे लगे दोनों शटर को तोड़कर आग पर काबू पाया।