संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। चालक से मारपीट करके फाइनेंस कंपनी कर्मचारी ट्रक छीनकर ले गए। मंगलवार देर शाम कड़ासन के पास घटना हुई। आरोपी कार में सवार थे। ट्रक मालिक की शिकायत पर मुलाना थाने में फाइनेंस कंपनी के मैनेजर सहित चार पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई।
बड़ी बस्सी के कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी गई बताया कि उसके पास एक ट्रक है। रसूलपुर का विनोद कुमार ट्रक का चालक है। ट्रक फाइनेंस करवाया था। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे चालक अंबाला में माला उतारकर वापस नारायणगढ़ आ रहा था। कड़ासन के पास पहुंचा तो पीछे से आई कार उसके ट्रक के आगे रुक गई। उसने ट्रक रोक लिया।
कार में से चोला मंडलम कंपनी के कर्मचारी अशोक शर्मा, अशोक कुमार और प्रवीन कुमार उतरे। उन्होंने विनोद को नीचे उतार लिया और मारपीट कर ट्रक छीनकर ले गए। इन लोगों ने कंपनी के मैनेजर सुनील कुमार के साथ मिलीभगत करके वारदात की है। मुलाना थाना प्रभारी चंद्रभान के अनुसार घटना की जांच जारी है। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।