अंबाला। हर्बल पार्क के पास पुलिस की टीम पर रॉड से जानलेवा हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सजल उर्फ मईया निवासी गांव बतोड़ जिला पंचकूला को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बलदेव नगर थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
थाना बलदेव नगर पुलिस को 10 फरवरी को सूचना मिली कि हर्बल पार्क के सामने कुछ व्यक्ति आपस में उपद्रव मचा रहे है। जिससे कोई अप्रिय घटना घट सकती है। इस सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर कार्रवाई की तो आरोपी देवेंद्र उर्फ जोनी, विशाल, रोहित, गुरविंद्र, शुभम, मनप्रीत सिंह व अन्य 10 से 12 व्यक्तियों ने पुलिस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया और सरकारी काम में बाधा भी पहुंचाई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र उर्फ जोनी निवासी गांव बतौड़ जिला पंचकूला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना बलदेव नगर में मामला दर्ज कर लिया। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी पुलिस संरक्षण में लिया था।