अंबाला। कोरोना का खौफ अब शताब्दी में सफर करने वाले यात्रियों पर भी नजर आने लगा है। सोमवार छावनी रेलवे स्टेशन से निकलने वाली सुबह और दोपहर की शताब्दी में अधिकांश कोच में खाली सीटें नजर आईं। वहीं आईआरसीटीसी के भोजनालय से प्राप्त जानकारी अनुसार कालका से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस नंबर 12006 में सिर्फ 500 के करीब नाश्ता ही लोड हुआ।
दूसरी तरफ दोपहर को चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस नंबर 12045 में भी दोपहर के खाने की 300 प्लेट ही लोड हुई। जबकि कुछ दिन पहले सुबह ही शताब्दी में लोड होने वाले नाश्ते की संख्या 800 प्लेट और दोपहर को चलने वाली शताब्दी में रोजाना 700 प्लेट खाने की लोड हो रही थी। इसी प्रकार अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या कम होती जा रही है, जहां पहले ट्रेन के डिब्बे खचाखच भरे होते थे और कोच के दरवाजों पर भी पैर रखने की जगह नहीं होती थी। स्टेशन पर मौजूद स्टाल कर्मचारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की बिक्री भी नहीं हो रही है, बमुश्किल दिन में 300 से 400 रुपये का ही सामान बिक रहा है। वहीं स्टेशन पर कोरोना संबंधित हिदायतों का पालन करने के लिए लगातार उद्धोषणा की जा रही है और बिना मास्क यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी लगातार कार्य कर रहे हैं।