चीनी मिल बणौंदी द्वारा वर्तमान पेराई सत्र के गन्ने की पेमेंट शेड्यूल के अनुसार न किए जाने के रोष स्वरूप संयुक्त किसान कमेटी द्वारा तीसरे दिन भी नारायणगढ़ लघु सचिवालय में धरना दिया गया। किसानों ने चीनी मिल प्रबंधन और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान कमेटी के सदस्यों ने वीरवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि यदि 22 फरवरी तक उनकी गन्ने की पेमेंट शेड्यूल के अनुसार नहीं की गई तो 23 फरवरी को संयुक्त किसान कमेटी के बैनर तले नारायणगढ़ चीनी मिल से काले झंडे व एक गन्ना लगाकर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। जो सुबह 9 बजे चीनी मिल से आरंभ होकर नारायणगढ़ पहुंचेगा।
संयुक्त किसान कमेटी के सदस्योें ने क्षेत्र के सभी गन्ना उत्पादकों से भी ट्रैक्टर मार्च में ज्यादा से ज्यादा संख्या पहुंचने की अपील की। इस धरना प्रदर्शन में संयुक्त किसान कमेटी के प्रधान सिंगारा सिंह रछेड़ी, उपप्रधान गुरुदेव सिंह बख्तुआ सहित सुरेंद्र तंदवाल, बृजलाल शर्मा ने अपने संबोधन में प्रदेश की सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही जोकि सरासर गलत है।