पंचायत में किसान बातचीत करते हुए।
- फोटो : Ambala
शहजादपुर। कस्बे के किसानों ने सोमवार को पंचायत का आयोजन किया। इसमें ग्रामीणों और किसानों ने ये फैसला लिया कि अगर कुरुक्षेत्र के सांसद ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज कराए झूठे केस वापस नहीं लेते हैं तो वे गणतंत्र दिवस पर सुबह 10 बजे से शहजादपुर थाने पर धरने शुरू कर देंगे। ये पंचायत गांव कोड़वा खुर्द के ग्रामीणों पर कुरुक्षेत्र के सांसद की गाड़ी पर तोड़फोड़ करने, सांसद के साथ गाली-गलौज करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस द्वारा किसानों पर केस दर्ज की गई एफआईआर की वजह से रखी गई थी।
विक्रम राणा बुर्ज, अमरजीत मोड़ी, विक्की राणा पतरेहड़ी, हरभजन सिंह कोड़वा, चरणजीत सिंह, सिंगारा सिंह रछेड़ी, जागर सिंह बेरपुरा, जंटी लखनौरा, जय सिंह जलबेड़ा ने कहा कि गांव कोड़वा खुर्द के ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा बनाए मामले झूठे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में सांसद के साथ किसी ने भी कोई बदसलूकी नहीं की और न ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। इन किसानों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 26 जनवरी तक ग्रामीणों पर दर्ज किए हुए मुकदमे वापस नहीं लिये गये तो वह 26 जनवरी से शहजादपुर थाने पर रोजाना सुबह 10 बजे से लेकर शाम के 5 बजे तक प्रदर्शन करेंगे।