अंबाला सिटी। जिला में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश हुई तो कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से ही लोगों को संतोष करना पड़ा। नारायणगढ़ में अंबाला के मुकाबले अच्छी बारिश हुई। वहीं अंबाला कैंट में बूंदाबांदी और सिटी में हल्की बारिश दर्ज की गई। अंबाला में दिन का तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात्रि तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 15 अगस्त को गरज चमक के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। 16 अगस्त से मानसून ट्रफ हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ने की संभावना बन रही है जिससे मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इस दौरान बीच बीच में बादलवाई रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट परंतु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।