अंबाला सिटी नेशनल हाइवे स्थित सब्जी मंडी में लगाए गए ट्यूबेल के अंदर लगी समर्सिबल मोटर को चुराए
अंबाला सिटी। नेशनल हाईवे स्थित सब्जी मंडी में बीते तीन दिनों से पेयजल नहीं मिल रहा। भीषण गर्मी के बीच मंडी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में आवाजाही हो रही है, मगर स्थानीय आढ़तियों और मजदूरों के सामने पानी का संकट है।
सब्जी मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते शनिवार दोपहर करीब दो बजे किसी ने ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर का सामान चुरा लिया था। इस मामले में अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए। इससे मंडी में रहने वाले आढ़तियों और मजदूरों को पेयजल के संकट से गुजरना पड़ रहा है।
सबसे बड़ी परेशानी तो यह है कि शौचालयों में भी पानी की व्यवस्था नहीं होने पर मंडी में रह रहे मजदूरों को बहुत बड़ी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। जबकि सब्जी मंडी में प्रतिदिन सुबह शाम पेयजल की जरूरत पड़ती है, मगर बड़ी हैरानी की बात है कि संबंधित प्रशासन की ओर से चोरी हुई 10 मीटर बिजली के तार लगाने की जहमत नहीं उठाई, जबकि सब्जी मंडी में हजारों की संख्या में आने वाले लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
चोरी से हुई समस्या : प्रधान
शहर की सब्जी मंडी के एसोसिएशन के प्रधान अमरनाथ ने बताया कि बीते शनिवार दोपहर करीब दो बजे ट्यूबवेल में लगे सबमर्सिबल की करीब 10 मीटर तार चोरी हुआ तब से मंडी में पेयजल समस्या आ रही है।
जल्द कराएंगे समाधान : सचिव
शहर के मार्केट कमेटी सचिव दिलेर सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी के ट्यूबवेल में लगे बिजली के तार चोरी हो गए थे, मगर पानी का संकट न हो इसलिए बिजली के तार लगवाने के लिए संबंधित जेई को कह दिया गया है, जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।