अंबाला। पथरी के असहनीय दर्द से कराहने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब इन मरीजों को ऑपरेशन के लिए चंडीगढ़ व रोहतक पीजीआई के चक्कर नहीं काटने पडे़ंगे। ऐसे मरीजों का इलाज छावनी नागरिक अस्पताल में दूरबीन की मदद से किया जा सकेगा।
इसकी पहल लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अभिषेक ने की है। जरूरतमंद मरीज को मूत्र नली में फंसी पथरी से तड़पते देखा तो उन्होंने स्वयं के द्वारा खरीदी गई सिस्टोस्कोपी व यूरेटरोस्कोपी दूरबीन मशीन को छावनी नागरिक अस्पताल में ही मंगवा लिया। यहां लाने के बाद अंबाला शहर के कमल विहार निवासी युवक तरुण कोहली का पथरी का निशुल्क व सफल ऑपरेशन किया गया। इसके मूत्र नली में पथरी फंस गई थी। करीब डेढ़ घंटे तक यह ऑपरेशन चला। इतना ही नहीं डॉक्टर ने नई मशीन के न आने तक मशीन को ही अस्पताल में रखवा दिया ताकि नियमित तौर पर ऑपरेशन किए जा सकें। हालांकि छावनी नागरिक अस्पताल प्रबंधन के द्वारा मशीन को मंगवाने के लिए डिमांड भेजी गई है। बता दें कि इससे पहले किडनी व पित्ते की थैली की पथरी को लिथोट्रिप्सी मशीन की मदद से निकाला जाता था लेकिन पेशाब की नली में फंसी पथरी का ऑपरेशन नहीं होता था। पीजीआई न जाकर कोई मरीज यदि निजी अस्पताल में पथरी का उपचार करवाता था तो इसी ऑपरेशन के करीब 30 हजार रुपये तक लगते थे।
मूत्र नली के संग पित्ते से भी निकाली पथरी, डाला स्टंट
इस ऑपरेशन के साथ-साथ युवक तरुण कोहली के पित्ते से भी पथरी निकाली गई। इतना ही नहीं मूत्र नली से दूरबीन द्वारा पथरी निकालने के बाद नली में एक स्टंट भी डाला गया। बता दें कि पथरी की मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। मरीज तरुण कोहली ने बताया कि यह ऑपरेशन छावनी नागरिक अस्पताल में निशुल्क हो रहा है। डॉ. अभिषेक ने बताया कि पानी की मात्रा मरीजों को ज्यादा रखनी चाहिए। हर घंटे एक गिलास पानी पीना चाहिए और नमक का कम से कम सेवन करना चाहिए।