अंबाला सिटी। जानलेवा हो चुके कोरोना संक्रमण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को नारायणगढ़ की रहने वाली 40 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हो गई जबकि नगर निगम के आयुक्त समेत 401 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। जेल के चार कैदी भी कोरोना संक्रमित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि सोमवार को 407 मरीज स्वस्थ हुए।
संक्रमण की तीसरी लहर में सोमवार पहला दिन रहा जब एक साथ आए कुल नए मामलों से ज्यादा लोग महामारी को मात देने वाले रहे। 401 नए लोगों में जहां कोरोना की पुष्टि हुई वहीं 407 मरीज कोरोना से ठीक भी हुए। जो नए संक्रमित मिले हैं, उनमें मुख्य रूप से नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा शामिल हैं। इसके अलावा जेल के चार अन्य कैदियों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। नए संक्रमित मिलने के बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 35 हजार 208 हो गई है। जिस संक्रमित महिला की मौत हुई है, वह टीबी की भी बीमारी से भी ग्रस्त थी। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। अब तक 519 कोरोना संक्रमित लोग जान गंवा चुके हैं जबकि 30 हजार 920 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या में भी थोड़ी गिरावट आई है। इस समय जिले में कुल तीन हजार 767 एक्टिव केस हैं।