बराड़ा में बिक रहे नकली दूध व दूध से बने पदार्थ की मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम बराड़ा सत्यवान सिंह ने एक पांच सदस्यीय टीम के साथ महाराणा चौंक के पास स्थित चीमा डेयरी एंड स्वीट्स पर औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने दूध व दूध से बनी चीजों को जांचा व गाय के दूध, भैंस के दूध, पनीर सहित दही के भी सैंपल भरे। प्रशासन द्वारा अचानक किए गए औचक निरीक्षण से बराड़ा डेयरी की दुकानों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार तो अपनी दुकानें तक बंद कर चले गए। करीब दो घंटे की कार्यवाही के बाद जब टीम वहां से गई तो बराड़ा के अन्य डेयरी संचालकों ने राहत भरी सांस ली। इस टीम में एसडीएम बराड़ा सत्यवान सिंह सहित तिलक राज एसडीओ पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, विकास लेखाकार नपा बराड़ा, राहुल यादव निरीक्षक खाद्य पूर्ति विभाग, डॉ. राजीव शर्मा फूड व सेफ्टी ऑफिसर व नितीश नहरी विभाग एसडीओ मौजूद रहे।
15 मार्च को नकली दूध की बिक्री के खिलाफ भारतीय किसान संघ के सदस्यों ने बराड़ा एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम नकली दूध की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ज्ञापन सौंपा था। जिसमें नकली दूध की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई थी। एसडीएम सत्यवान सिंह ने बताया कि किसी को भी लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।