पंद्रह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ काबू किए गए पांचों आरोपियों को अंबाला पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिसंबर तक रिमांड पर ले लिया है। उधर, अंबाला पुलिस की दो स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीमें दिल्ली में पहुंची हुई है और वहां सरगना के अड्डों पर छापेमारी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अंबाला पुलिस की दोनों एसआईटी ने सरगना के मोबाइल से संदिग्ध लोगों की कॉल डिटेल हासिल की है। ये संदिग्ध लोग सरगना से प्रारंभिक पूछताछ के बाद चिन्हित किए गए हैं। ये संदिग्ध लोग दिल्ली में सरगना के एजेंट है, जो विभिन्न राज्यों में नकली नोटों का कारोबारी करते हैं और ये ही दिल्ली में बैठे एजेंट दूसरे राज्यों के एजेंटों से ही संपर्क रखते हुए उन्हें नकली नोटों की खेप पहुंचाने में सरगना की मदद करते हैं। दूसरा, एसआईटी सरगना के उस सेटअप को भी अपने कब्जे में लेना चाहती है, जिस सेटअप से सरगना अपने गुर्गों के साथ नकली नोट छापता था। सरगना को भी एसआईटी ने अपने साथ लिया हुआ है और उसी की निशानदेही पर दिल्ली में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के डीसीपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अभी दिल्ली में छापेमारी जारी है। दिल्ली में कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है, जिसकी पुख्ता जानकारी रिमांड के बाद दी जाएगी। उनके अनुसार ये नेटवर्क बहुत सघन है, इसलिए पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई है।
ये था मामला
अंबाला पुलिस ने नकली नोटों का कारोबार करने वाले एक इंटरनेशनल गिरोह का भंडाफोड़ किया था। दिल्ली से बाप-बेटे द्वारा संचालित किया जा रहे इस गिरोह की जड़े न केवल हरियाणा, दिल्ली, यूपी, उतराखंड, बिहार, पंजाब व हिमाचल समेत अन्य राज्यों में फैली हुई है, वहीं गिरोह के ये लोग नेपाल देश में भी अपनी नकली करेंसी भेजते थे। नेपाल में भी इन लोगों के एजेंट काम कर रहे हैं, जो नेपाल की मार्केट में इन नकली नोटों को चलाते थे। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को काबू कर उनसे 15 लाख 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इनमें 9.40 लाख के 1000-1000 रुपयेे, 2.93 लाख 500-500 रुपये व 2.67 लाख 100-100 रुपये के नकली नोट शामिल है। गिरोह का सरगना दिल्ली का रहने वाले शाहीद हसन है, जो अपने बेेटे शाहबुद्दीन के साथ नोटो के अपने इंटरनेशनल गिरोह को चलाता है। जबकि इन दोनों के अलावा उनके एजेंटों नैब सिंह, बरवाला निवासी कंवरपाल व अंबाला सिटी के पटेल नगर निवासी महेश कुमार को भी काबू किया हुआ है।