एक ही रात में टूटे 16 दुकानों के ताले, कारोबारी दहशत में
- फोटो : Amar Ujala
नारायणगढ़-चंडीगढ़ रोड पर स्थित गांव लाहा बस अड्डे पर शनिवार की देर रात चोरों ने सोलह दुकानों के ताले तोड़ डाले। करीब चार दुकानों में चोरी की गई, जबकि पीड़ितों ने संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी अनुसार क्षेत्र के गांव लाहा में बीती रात को अज्ञात चोरों ने कुलतार सिंह, सुखविंद्र सिंह, शीशपाल की मोबाइल की दुकान व रामपाल, सुशील कुमार, काला की हलवाई की दुकानों सहित करीब 16 दुकानों के ताले तोड़ दिए। दुकानदारों ने बताया कि वे हर रोज की तरह शनिवार की रात लगभग 9 बजे अपनी दुकानें बंद करके अपने घर चले गए। जब रविवार की सुबह अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी दुकानों के शटर व ताले टूटे देखे।
इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी हैं। नारायणगढ़ थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि करीब चार दुकानों में चोरी हुई है, जबकि क्या सामान चोरी हुआ है इसकी डिटेल अभी मिली नहीं है। कुछ दुकानों के ताले टूटे हैं, जबकि चोरी नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।