चार ड्रम भरकर रसगुल्ले देने आई कार पकड़ी
- फोटो : Amar Ujala
मुलाना में रसगुल्लों से भरी कार को कब्जे में ले लिया गया है। यहां मुलाना और बराड़ा के हलवाइयों को रसगुल्लों की आपूर्ति की जानी थी, लेकिन तभी लोगों ने मिलावटी और पुराने बासी रसगुल्ले होने की शिकायत विभाग को दे दी। इसके बाद कार को कब्जे में लिया गया, जबकि कार में सवार लोग कार छोड़कर फरार हो गए। इस मामले की सूचना सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता को दी गई। उसके बाद एसएमओ मुलाना कुलदीप सिंह ने रसगुल्लों के सैंपल लिए।
मुलाना कस्बा में दोपहर को एक कार सवार लोग हलवाइयों के पास रसगुल्ले बेचने पहुंचे। इस कार में चार ड्रम रसगुल्लों के रखे हुए थे। दो ड्रम का माल बेचा जा चुका था और दो ड्रम का माल अभी बेचा जाना था। सभी हलवाइयों से पहले ही टाइअप हो चुका था, लिहाजा कार चालक सिर्फ दुकानों पर ड्रमों में से निकालकर रसगुल्लों की सप्लाई उन्हें दे रहा था। तभी कुछ सजग लोगों ने जब इस कार की एक्टिविटी देखी तो इस कार को घेर लिया और इसकी सूचना संबंधित विभाग और पुलिस को दे दी। तभी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर, सूचना देने के पांच घंटे बाद स्वास्थ्य महकमे की टीम भी पहुंची, जब तक कार वहीं खड़ी रखी गई। बाद में टीम में पहुंचे एसएचओ ने रसगुल्लों के सैंपल लिए और माल जब्त किया।
थोक में 60, रिटेल में 130 रुपये किलो रसगुल्ले
सप्लायर से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसे निर्देश थे कि उसने दुकानों में 60 रुपये किलो के हिसाब से रसगुल्लों की सप्लाई देनी है। इसलिए वे सभी को इसी रेट से माल दे रहा था, जबकि दुकानदार आगे इन्हीं रसगुल्लों को 130 से 140 रुपये किलो बेच देते हैं। उधर, इस दौरान विभाग के श्याम कुमार, ज्ञान सिंह व राज कुमार सैंपल लेने पहुंचे। उन्होंने रसगुल्लों के सैंपल लिए। उधर, सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि फिलहाल रविवार होने की वजह से संबंधित अधिकारी छुट्टी पर थे, इसलिए पहुंचने में देरी हुई। सैंपल लिए जा चुके हैं और जांच के लिए भेज दिए गए हैं।