अंबाला-हिसार रोड पर मानव चौक के पास एक कामर्शियल बिल्डिंग में बने सनवेट बॉयोटेक कंपनी के कार्यालय में मंगलवार दोपहर उसके मालिक ने खुद को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक जांच के बाद मृतक जरनैल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है।
जरनैल सिंह सेक्टर आठ में रहता था और उसकी काला आंब में दवाइयों की फैक्टरी थी। मानव चौक के पास उसने अपना ऑफिस बनाया हुआ था। आत्महत्या का कारण आर्थिक तंगी बताया जा रहा है। मंगलवार को रोजाना की तरह वह कार्यालय में आए और कुछ समय तक अपनी कुर्सी पर बैठे रहे और वहां मौजूद कर्मचारी टेकचंद को कहा कि वह उनके कार्यालय के नीचे खड़ी कार को साफ कर दे। टेक चंद कार साफ करने के लिए नीचे चला गया। कुछ देर बाद जब वह कार साफ करके वापस पहुंचा तो उन्होंने देखा कि जरनैल सिंह ऑफिस के साथ बने कमरे में लेटे हुए हैं। वह यह देख कर हैरान हो गया और वापिस चला गया। लगभग 11 बजे जब वह फिर से उपर कमरे में गया तो उसने देखा कि जरनैल सिंह मृत पड़ा है और उसके हाथ में एक रिवाल्वर थी।
उसने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों व पुलिस को दी। कुछ ही देर बाद स्थानीय पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। जरनैल सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से अपने सिर में एक गोली मारकर आत्महत्या की। मौके से बरामद रिवाल्वर में पांच गोलियां थी और एक चली हुई थी। पुलिस ने जनरैल सिंह की मौत की सूचना उनके बेटे लक्की को दी। कुछ ही देर बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।