नारायणगढ़। परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी का एटीएम बदलकर उसके खाते से लाखों रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू की है। उपमंडल के गांव बिलासपुर निवासी सिंह राम ने बताया कि उसका नारायणगढ़ के भारतीय स्टेट बैंक में खाता है।
उन्होंने बताया कि वह 18 फरवरी 2016 को शहजादपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एटीएम पर पैसे निकलवाने गया लेकिन पैसे नहीं निकले। एटीएम पर पहले से मौजूद एक युवक ने उसका एटीएम लिया और बीस हजार रुपये निकलवाकर दे दिए। उसने बताया कि इसके बाद वह नारायणगढ़ की स्टेट बैंक की शाखा में 22 मार्च को गया और वहां से उसने अपने खाते से कैश 50 हजार रुपये निकलवा लिए।
इसके बाद जब वह 20 मई को नारायणगढ़ की स्टेट बैंक की शाखा में एटीएम से पैसे निकलवाने गया तो पैसे नहीं निकले जिस पर उसने शाखा में जाकर पता किया तो मालूम हुआ कि यह एटीएम उसका नहीं है। तभी उसने अपने खाता में बैलेंस की जानकारी ली तो पता चला तो उसके खाते में मात्र 16801 रुपये बकाया है। सिंह राम के अनुसार उसके खाते से एटीएम बदल कर युवक ने 6.76 लाख रुपये निकलवा लिए। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सिंह राम की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही आरंभ कर दी है।