पुलिस ने प्रतिबंधित पशुओं से भरा टैंकर पकड़ा
बुधवार सुबह खुटार पुलिस ने गांव लौंहगापुर के पास प्रतिबंधित पशु ले जा रहे टैंकर सहित एक पशु तस्कर को पकड़ लिया। टैंकर चालक और अन्य पशु तस्कर भाग निकले। टैंकर से 43 पशु बरामद हुए हैं, जिसमें सात मृत मिले हैं।
एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि डीजल ले जाने वाले एक टैंकर में पीछे की ओर से गेट जैसा बनाया गया है और इस टैंकर से पशु तस्करी की जा रही है। बुधवार को भी टैंकर प्रतिबंधित पशु लेकर गोला से पूरनपुर की ओर जाने वाला है। सूचना पर दरोगा विनोद सिंह, यशपाल सिंह, सिपाही जावेद और अन्य सिपाहियों को पूरनपुर रोड पर लौंहगापुर जंगल के लगाकर चेकिंग शुरू करा दी गई। इस दौरान खुटार की ओर से आए एक टैंकर चालक ने पुलिस को देख टैंकर खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकला। टैंकर में बैठे पशु तस्कर भी भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक तस्कर को दबोच लिया। पकड़े गए युवक के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम रऊफ निवासी गांव डूबापुर जिला रामपुर का बताया है। टैंकर से 43 पशु बरामद हुए हैं, जिसमें सात मृत मिले हैं। जीवित पशुओं को गांव सितरा वीरान के गोसदन भेजा गया है।
मांस से भरा बैग बरामद
खुटार। बुधवार को गोला की ओर से बाइक पर एक बैग में मांस लेकर जा रहे दो युवकों पर शक होने पर लोगों ने पीछा किया तो युवक गांव बनकटा के पास मांस से भरा बैग फेंककर भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने मांस बरामद कर लिया है। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि मांस को परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।