हरियाणा में अंबाला छावनी का पूर्व पार्षद नौकरी लगवाने के नाम पर आठ साल तक एक महिला से दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान उसने महिला से नौकरी के नाम पर एक लाख रुपये ऐंठ लिए। जब महिला को न तो नौकरी मिली और न ही उसके पैसे वापस मिले तो महिला ने मामले की शिकायत अंबाला के पुलिस अधीक्षक से की। जांच-पड़ताल के बाद और महिला की शिकायत के आधार पर पड़ाव थापा पुलिस ने पूर्व पार्षद व हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी राकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरु की गई है।
महिला ने पुलिस को दी बताया कि वह कई सालों से अंबाला छावनी के एक बाजार में करियाने की दुकान पर काम करती थी। यहां पर आरोपी राकेश कुमार अपने घर का समान लेने आता-जाता रहता था। वर्ष 2017 में दोषी राकेश कुमार उससे नजदीकियां बढ़ाने लगा। उसने उसे बताया कि वह कथित रूप से भाजपा का नेता है और पूर्व पार्षद भी है।
वह उसकी नौकरी लगवा देगा। पीड़िता आरोपी राकेश की बातों में आ गई। इस दौरान आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए। वर्ष 2022 में जब उसने राकेश से नौकरी के बारे में पूछा तो आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए उससे एक लाख रुपये मांगे जोकि उसने इधर-उधर से इक्ट्ठा करके आरोपी को दे दिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो उसकी नौकरी लगवाई और न ही उसके रुपये वापस किए। नवंबर 2023 में जब वो आरोपी से अपने रुपये मांगने गई तो आरोपी ने उससे गली-गलौज और मारपीट भी की। इसकी वजह से उसकी आंख के पास चोट भी आई।
इसकी शिकायत उसने हाउसिंग बोर्ड चौकी में दी थी, जहां पर आरोपी ने दबाव बनाकर फैसला करा दिया। इसके बावजूद भी आरोपी अलग अलग नंबरों से उसके मोबाइल पर फोन करके उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लगा। अप्रैल 2024 में आरोपी ने उसे अपनी दुकान पर पैसे देने के बहाने से बुलवाया और यहां उसने फिर से जबरदस्ती की।
जब उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसका फोन भी छीन लिया। इसके बाद उसने लाल कुर्ती चौकी में शिकायत दी, लेकिन यहां पर भी आरोपी ने पुलिस के साथ मिलकर दबाव बनाया और धोखे से खाली पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिए थे।
आरोपी अब भी लगातार उसे व उसके परिवार को जान से मरवाने की धमकियां देता है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पिछले आठ वर्षों से उसे नौकरी का झांसा देकर व मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और उसके एक लाख रुपये भी हड़प लिए हैं। पड़ाव थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पूर्व पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।