कनाडा से फर्जी रिश्तेदार बनकर दो शातिर ठगों ने नारायणगढ़ निवासी जोगिंद्र सिंह से करीब पांच लाख रुपये हड़प लिए। विदेशी फोन करने वाले ने कहा कि मामा जी, उसे कनाडा पुलिस ने पकड़ लिया है और छुड़वाने के लिए एक वकील से बात करने को कहा। जैसे ही व्यक्ति ने वकील से बात की तो उसने बातों में उलझाते हुए राशि अपने खाते में डलवा ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत में नारायणगढ़ के कुल्लड़ गांव निवासी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर 2023 को सुबह नौ बजकर 25 मिनट पर एक विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि मामा जी वह पौंदू बोल रहा है। यह उसके रिश्तेदार का भी नाम है।
फोन पर सारी बात हुई और कहा कि कनाडा में किसी अंग्रेज व्यक्ति के साथ उसका झगड़ा हो गया है। गाली देने पर उसके साथी ने अंग्रेज व्यक्ति के सिर में शराब की बोतल मार दी। इस कारण होटल वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
बताया कि वह अभी जेल में बंद है। बोला कि वह वकील का नंबर दे रहे हैं और बात करके उसे जेल से छुड़वा दो। उसकी बातों में आने के बाद दिए गए नंबर पर फोन किया तो सामने वाले ने खुद को वकील बताया। आरोपी ने कहा कि वह चंडीगढ़ का रहने वाला है और कनाडा में रहता है। जेल से पौंदू को छुड़वा देगा लेकिन इसके लिए तीन लाख रुपये उच्चायोग यानी एम्बेसी में डाल दो।
उसने 18 अक्तूबर को उसके खाते में दो बारी में तीन लाख रुपये डलवा दिए। दोबारा वकील ने फोन करके कहा कि जिसके साथ पौंदू की लड़ाई हुई थी, उसके परिजन आ गए हैं, करीब चार लाख रुपये और भेजने होंगे। उसने आढ़ती से करीब दो लाख रुपये उधार लेकर खाते में डाल दिए। जब वकील से दोबारा संपर्क किया तो उसने 25 हजार रुपये मांगते हुए कहा कि वह उसके पास पैसे डाल दे तो वह पांच लाख रुपये वापस कर देगा। ऐसे में धोखाधड़ी का एहसास हुआ।