बहन को स्कूटर से लेने जा रही युवती से बाइकर्स ने झपटा मोबाइल
जाते-जाते स्कूटर को दिया धक्का, युवती गिरकर हुई घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रविवार रात करीब सवा आठ बजे अपनी बड़ी बहन को लेने बाजार जा रही युवती से बाइक सवार तीन युवकों ने 12 क्रॉस रोड बिजली बोर्ड कार्यालय के निकट मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। युवकों ने छात्रा के स्कूटर को धक्का दे मारा जिस कारण छात्रा सड़क पर गिरकर घायल हो गई। मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल पर दी गई है।
रंगिया मंडी निवासी रितिका ने बताया कि वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसके पिता का देहांत हो चुका है और उसकी बड़ी बहन नीलू बाजार में दुकान पर काम करती है। रविवार रात करीब आठ बजे वह नीलू को दुकान से लेने स्कूटर पर निकली थी। जैसे ही वह बारह क्रॉस रोड स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय के पास पहुंची तो एक बाइक पर तीन युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया। इसके बाद उन युवकों ने जाते-जाते उसके स्कूटर को धक्का दे मारा जिस कारण वह गिरकर घायल हो गई।
बता दें कि कैंट में स्नेचिंग की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इस सप्ताह में सात से अधिक वारदात हो चुकी हैं, मगर अब तक पुलिस एक भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। अकेले महेश नगर थाना क्षेत्र में ही लगभग तीन वारदात हो चुकी हैं। बढ़ती वारदात के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं।