बहू पर रखता था बुरी नजर, बेटे और मां ने मारा सिर में डंडा, मौत
फोटो नंबर 32, 33, 34
मूलरूप से नेपाल के सिलौर का रहने वाला दीपलाल अपने परिवार के साथ गांव रतनहेड़ी में रहता था
पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे पर किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। बहू पर बुरी नजर रखने वाले ससुर की उसकी पत्नी व बेटे ने सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कैंट सिविल अस्पताल लाया। मूलरूप से नेपाल के सिलौर जिला का रहने वाला यह परिवार कुछ दिन पहले गांव रतनहेड़ी में मजदूरी करने पहुंचा था। पुलिस ने इस संबंध में मां-बेटे पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर सीन आफ क्राइम की टीम ने भी कार्रवाई की।
दीपलाल निवासी कुछ दिन पहले मजदूरी के लिए गांव रतनहेड़ी आया था। साथ में उसकी पत्नी रनिया देवी और छोटा बेटा गणेश भी आया था। वह यहां पर नंबरदार हरदेव सिंह व उसके भतीजे राजबीर निवासी रतनहेड़ी के खेतों (ठेके पर) में बने ट्यूबवेल के कमरे में रहते थे। नंबरदार हरदेव सिंह ने बताया कि वह अपनी मां की दवा लेने के लिए बाबैन जा रहा था। इसी दौरान उसे किसी का फोन आया कि उसके खेतों में ट्यूबवेल पर कुछ हो गया है। उसने भतीजे राजबीर को फोन कर ट्यूबवेल पर भेजा। राजबीर ने वहां पर जाकर देखा कि दीपलाल (47) मृत पड़ा था। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल भेज दिया।
महेश नगर थाना प्रभारी अजैब सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में रनिया देवी और गणेश को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपलाल अपनी पुत्रवधू पर बुरी नजर रखता था। इसी को लेकर कई बार विवाद भी हुआ था, लेकिन दीपलाल नहीं माना। मंगलवार को दीपलाल और उसकी पत्नी में बहसबाजी हुई थी। इस दौरान पत्नी व बेटे ने दीपलाल के सिर में डंडा मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। रनिया और उसके बेटे गणेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।