ससुरालियों की मारपीट से विवाहिता का गर्भ गिरा
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू कर जांच
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। ससुरालियों द्वारा की गई मारपीट से गांव सांबापुर की रहने वाली एक महिला का गर्भ गिर गया। महिला सेल ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। मामला कलालटी चौकी में भेजा गया जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विवाहिता जसविंद्र कौर ने बताया कि उसका पति दिलबाग सिंह, सास कमलेश, ससुर सुरेश पाल व बिचौलिया गुलजार हर रोज उसे पीटते हैं। मायका पक्ष ने शादी के दौरान काफी खर्च किया था, बावजूद इसके उससे रुपये मांगे जाते रहे। न लाने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। विवाहिता ने आरोप लगाया कि इन सभी ने उसके साथ इतनी मारपीट की कि उसका गर्भ तक गिर गया।
कलालटी चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच आरंभ कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।