पानी के टैंकर में तेल की सप्लाई का अवैध खेल
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। क्षेत्र में पानी के टैंकर की आड़ में अवैध तरीके से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई का धंधा बड़े धड़ल्ले से जारी है। नियमों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर ग्रामीण क्षेत्र के निजी स्कूलों व अन्य छोटे-मोटे उद्योगों में डोर-टू-डोर अवैध रूप से डीजल व पेट्रोल की सप्लाई की जा रही है। इससे न केवल आमजन पर जानमाल का खतरा बना हुआ है, अपितु क्षेत्र के पप संचालकों को भी आर्थिक झटका लग रहा है।
पिछले कुछ समय से पड़ोसी जिले से टैंकर में डीजल व पेट्रोल की धड़ल्ले से सप्लाई की जा रही है, जोकि अभी तक बदस्तूर जारी है। लगभग एक पखवाड़ा पूर्व यह सप्लाई दिन के समय की जाती थी, परंतु पिछले काफी दिनों से रात के अंधेरे में इस सप्लाई का धंधा चल रहा है। पानी का टैंकर दर्शाकर इस सप्लाई को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार यह सप्लाई साथ लगते जिले के एक पेट्रोल पप संचालक द्वारा पानी के टैंकर में की जा रही है। इस बारे पेट्रोल पंप संचालक आदर्श कुमार का कहना है कि उन्होंने अनेकों बार सप्लाई करने वाले इस टैंकर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के स्थानीय निरीक्षक राज कुमार का कहना है कि जिस टैंकर में डीजल आदि की सप्लाई की जा रही है, उसका नंबर उनके पास आ चुका है और उन्होंने यह भी पहचान कर ली है, जल्द केस दर्ज कराया जाएगा।