4.2 किग्रा चूरापोस्त समेत अधेड़ काबू
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। 4.2 किग्रा चूरापोस्त समेत अधेड़ को पुलिस ने काबू किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलजार सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपनी टीम एएसआई प्रताप सिंह, एएसआई सत कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार के साथ गश्त पर थे। टीम हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से ग्वाल मंडी की ओर जाने वाली गली के पास पहुंची तो 50 वर्षीय अधेड़ अपने हाथ में पॉलिथीन लिए खड़ा था और पुलिस को देख अपने घर में जा घुसा। पुलिस ने शक के आधार पर अधेड़ को घर में जा पकड़ा और उसके पास से मिली पॉलिथीन को खोलकर चेक किया तो उसमें करीब चार किलो दो सौ ग्राम चूरापोस्त निकला। टीम आरोपी को चौकी ले आई। पूछताछ में उसकी पहचान ग्वाल मंडी के संजीव कुमार के रूप में हुई जोकि ऑटो चलाता है। आरोपी ने बताया कि वह यह चूरापोस्त बस स्टैंड पर सप्लाई करने ले जा रहा था।