डिफेंस कॉलोनी में वेल्डिंग का काम करते समय अमन नगर निवासी 20 वर्षीय शाहाबाद की हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। शाहाबाद वेल्डिंग का काम करता था और अपने साथी के संग एक मकान की पहली मंजिल पर शेड लगाने के लिए गया हुआ था। अभी काम शुरू करने से पहले लोहे का लंबा पाइप काटना था। पहले तो शाहाबाद सड़क पर ही रखकर पाइप काटने लगे थे लेकिन अचानक वह छत पर ही पाइप काटने की बात बोलने लगा। उसका कहना था कि छत पर ही सारा काम हो जाएगा। मकान के ऊपर से 11 हजार वाट की हाईटेंशन तार गुजर रही थी। इस बीच 20 फीट लोहे की पाइप छत पर खिंचते समय अचानक वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गई। जोरदार धमाके साथ शाहाबाद सिर से लेकर पैर तक झुलस गया। कपड़ों में भी आग लग गई थी। छूटकर गिरते ही आनन-फानन में स्थानीय लोग प्राथमिक उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ईसीजी के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी। गनीमत यह रही कि लोहे का पाइप पकड़ाने वाला बाल-बाल बच गया।
मृतक शाहाबाद के भाई तसवर ने बताया कि वह तीन भाई है और शाहाबाद सबसे छोटा था। वह अमन नगर में ही वेल्डिंग का काम करता था। वह मूलरूप से बिजनौर के रहने वाले हैं। अमन में दोनों ही किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे। मौत की सूचना के बाद बिजनौर से परिजन पहुंचे और शव को अपने संग ले गए।
हाईटेंशन तार से करंट लगने का यह पहला मामला नहीं है। विगत माह ही डिफेंस कॉलोनी में पेंट का काम करते समय एक युवक की मौत हो गई थी। घरों के ऊपर से जा रही हाईटेंशन तार लोगों के सिर पर मौत बनकर मंडरा रही है। तार को हटवाने के लिए कई बार स्थानीय लोग एकजुट होकर बिजली निगम के चक्कर काट चुके हैं बावजूद आज तक इसका कोई समाधान नहीं हो सका। यहां तक कि कई बार लोग करंट लगने पर झुलस भी चुके हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की तरफ से इतेफाकन मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है।
- अजीत सिंह, इंस्पेक्टर पंजोखरा थाना।