बैंक प्रबंधक बनकर अंबाला छावनी व अंबाला शहर में ज्वेलरों को फोन के माध्यम से ठगी का शिकार बनाने के मामलों में सीआईए-2 ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपी लितेश जैन उर्फ मोंटी निवासी काकोवाल रोड शिमला कॉलोनी लुधियाना पंजाब व सुरजीत सिंह उर्फ सन्नी निवासी प्रीतनगर शिमलापुरी लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया था, जहां एक दिन का रिमांड मंजूर हुआ था। इसके बाद पूछताछ के बाद आरोपी से अंगूठी व चेन बरामद हुई है। इसके बाद शनिवार को आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शिकायतकर्ता विशाल वर्मा निवासी विशाल वर्मा ज्वेलर सर्राफा बाजार अंबाला छावनी ने 22 मार्च को थाना अंबाला छावनी में शिकायत दर्ज करवाई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल करके खुद को एसबीआई बैंक मॉल रोड का बैंक प्रबंधक बताकर सोने की अंगूठी व सोने की चेन बनवाने व धोखे से ले जाने का आपराधिक काम किया है। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और इस मामले की जांच सीआईए-2 अंबाला के पुलिस दल को सौंप दी थी।