संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार देर रात जग्गी सिटी सेंटर के पास एक कंटेनर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक साल के आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद चालक कंटेनर समेत मौके से भाग निकला।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में छावनी की डेहा कॉलोनी निवासी राहुल ने बताया कि वह 27 अक्तूबर की रात वह अपनी पत्नी मोनिका और एक साल के बेटे आर्यन के साथ भांजी के जन्मदिन के कार्यक्रम से लौट रहे थे।
राहुल के अनुसार, जब वे रात करीब 11:20 बजे एनएच-44 पर जग्गी सिटी सेंटर से थोड़ा आगे पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक बंद बॉडी कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल अपनी बाइक सहित बाईं ओर गिरे, जबकि उनकी पत्नी मोनिका और बेटा आर्यन ट्रक वाली साइड पर सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान ट्रक मासूम आर्यन के ऊपर से निकल गया। अंधेरा होने के कारण पिता ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सका। राहुल ने बताया कि वह और उनकी पत्नी हेलमेट पहने हुए थे।