संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। लोकल मार्गों पर बस क्यू शेल्टर बनाने का कार्य नगर परिषद ने शुरु करवा दिया है। इसकी शुरुआत अंबाला-साहा हाइवे पर कैपिटल चौक के पास स्थित पीडब्ल्यूडी के विश्रामगृह से की गई है, यहां सड़क किनारे स्टील पाइप से बस क्यू शेल्टर का निर्माण कर दिया गया है। इससे लोकल मार्ग के यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा दूसरा बस क्यू शेल्टर सुभाष पार्क के सामने हाइवे पर जाने वाले रास्ते पर किया जा रहा है। यहां पर स्टील के पाइप लगा दिए गए हैं और इन पाइप पर जल्द ही छत लगाने सहित बैठने के लिए कुर्सियों की भी व्यवस्था की जाएगी। इन बस क्यू शेल्टर पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यहां बनेंगे बस क्यू शेल्टर : इस योजना के तहत चुंगी चौक, टूंडला, डिफेंस कॉलोनी, कलरेहड़ी, शास्त्री कॉलोनी, डीआरएम कार्यालय, सुंदर नगर, चंद्रपुरी कॉलोनी, मच्छौंडा, शाहपुर, नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट, सुभाष पार्क, बीडी फ्लोर मिल, हाथीखाना मंदिर, रंगिया मंडी चौक, नन्हेंड़ा, एसडी कॉलेज, महेशनगर, टांगरी बांध, बब्याल, दलीपगढ़ और बोह क्षेत्र में बस क्यू शेल्टर बनाए जा रहे हैं।