अंबाला सिटी। पहली से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को एक बार फिर खोल दिया गया। वीरवार को पहले दिन विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। जिलेभर के स्कूलों में करीब 70 प्रतिशत तक विद्यार्थियों ने हाजिरी दर्ज करवाई। इस दौरान स्कूल प्रबंधकों की ओर से नियमों का पूरा ध्यान रखा गया।
प्रवेश के दौरान सभी बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। वहीं सभी बच्चों के हाथों को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा सभी बच्चों को मास्क के साथ ही स्कूल में प्रवेश दिया गया। इस दौरान जिन छात्रों ने मास्क नहीं पहना था, उनको स्कूल की ओर से मास्क उपलब्ध करवाए गए। ऐसी स्थिति केवल निजी स्कूलों की नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों में भी दिखाई दी। राजकीय स्कूल प्रेमनगर के प्राचार्य रामचंद्र शर्मा ने बताया कि उनके स्कूल में करीब 60 प्रतिशत बच्चे पहुंचे। सभी अध्यापकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वह कोरोना से बचाव के लिए सभी नियमों का सख्ती से पालन करवाएं।
ऑनलाइन भी जारी रहेगी पढ़ाई
सरकार की ओर से स्कूलों को खोल दिया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि छात्र ऑनलाइन पढ़ाई भी कर सकते हैं। इसका कारण यह है कि अभी बहुत से छात्र कोरोना संक्रमित चल रहे हैं, उन बच्चों से अन्य में कोरोना का फैलाव न हो, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। दूसरी ओर, स्कूलों की ओर से बच्चों को स्कूल बुलाया जा रह है, ताकि वे परीक्षा की अच्छे से तैयारी कर सकें।
स्कूलों में कोरोना नियमों का पालन हो रहा है। वीरवार को करीब 70 प्रतिशत तक छात्र स्कूल पहुंचे हैं जोकि बेहतरीन स्थिति है। अब छात्र परीक्षा की भी अच्छे से तैयारी कर सकेंगे।
- अनूप सिंह जाखड़, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, अंबाला।
अंबाला स्थित सरकारी स्कूल में छात्रों को पढ़ाते शिक्षक- फोटो : Ambala