बराड़ा। अधोया गांव के रहने वाले युवक को विधानसभा चंडीगढ़ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर शातिर ठगों ने एक लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक अंबाला को 14 मई को शिकायत सौंपी थी। उसके एक करीब एक महीने बाद बराड़ा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में सुनील दत्त ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। वह कुलदीप शर्मा को लगभग पिछले करीब तीन वर्षों से जानता है। एक दिन कुलदीप शर्मा ने उससे मिलने को कहा। एक अगस्त 2021 को बराड़ा बस स्टैंड पर आरोपी कुलदीप शर्मा व रविकांत शर्मा उससे मिले। कुलदीप शर्मा ने कहा कि रविकांत शर्मा सरकारी नौकरी लगवाता है और इसने कई युवक चंडीगढ़ विधानसभा में लगवाए हैं। उन्होंने कहा कि वह उसके बेटे राघव को भी विधानसभा में क्लर्क लगवा देंगे। रविकांत शर्मा ने कहा कि इसके लिए उन्हें चार लाख रुपये देने होंगे। आधे पैसे डाक्यूमेंट के साथ व आधे पैसे ज्वाइनिंग के बाद दे देना।
पैसे मांगने पर गाली-गलौज और दी धमकी
सुनील दत्त ने रविकांत के बैंक खाते में पांच अगस्त 2021 को 50 हजार फिर नौ अगस्त 2021 को 50 हजार और 31 अगस्त 2021 को 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद रविकांत ने बाकी पैसे ज्वाइनिंग के बाद देने की बात कही। आठ महीने गुजरने के बाद परेशान होकर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी।