अंबाला। सैन्य क्षेत्र स्थित मेजर के घर से चोर नकदी और जेवर चुरा कर फरार हो गया। थाना कैंट पुलिस ने मेजर की शिकायत पर चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मेजर नागेश्वर राव अनापाला ने बताया कि वह मूलरूप से क्रांति नगर, नोवा कॉलेज के पास तांगेलामुडी एलुरु वेस्ट गोदावरी आंध्र प्रदेश का निवासी है। अभी वह इंजन चौक अंबाला कैंट में रह रहा है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 16 मार्च को वह ड्यूटी पर था। करीब शाम पांच बजे उसकी पत्नी कल्पना सैर के लिए घर से निकली थी। उस समय उसका सिपाही इब्लुन हुसैन घर पर था। वह भी छह बजे के करीब घर को ताला लगाकर चाबी दरवाजे के साथ लगते बिजली के मीटर के बॉक्स मे रखकर चला गया। करीब दो घंटे बाद वह क्वार्टर पर आए तो उन्हें चाबी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सिपाही हुसैन के पास फोन करके क्वार्टर पर बुलाया और चाबी की तलाश की, लेकिन चाबी नहीं मिली। इसके बाद घर का ताला तोड़कर वह अंदर गए तो देखा कि कमरे में सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी का लॉक खुला था,। अलमारी से जेवर व करीब पंद्रह सौ रुपये की नकदी गायब थी।