राय मार्केट स्थित कृष्णा होटल में जन्मदिन की पार्टी के लिए कमरा नहीं देने पर नाराज युवकों द्वारा मंगलवार की रात होटल के मैनेजर और अन्य लोगों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घर पर भी दबिश दी।
कैंट थाना पुलिस को दी शिकायत में बीसी बाजार निवासी हर्ष यादव ने बताया कि उसके ताऊ विश्वनाथ यादव का राय मार्केट में क़ृष्णा होटल के नाम से होटल है। मंगलवार की रात को होटल के मैनेजर कर्ण का उनके पास फोन आया कि होटल पर करीब 9 लड़के आए हैं और दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए होटल का कमरा किराये पर मांग रहे हैं। इसके बाद मैनेजर ने उन लड़कों को कमरा देने से मना कर दिया। बाद में उक्त युवक वहां से पास के होटल में चले गए और वहां पर उन्होंने अपने दोस्त का जन्म दिन मनाया और शराब पी।
शराब पीने के बाद उक्त युवक होटल में वापस आए और उन्होंने शिकायतकर्ता हर्ष यादव, होटल के मैनेजर कर्ण, वैभव यादव, नितेश, शशांक यादव के साथ गाली गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने होटल के शीशे भी तोड़ डाले दिए। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गए। जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में हर्ष की शिकायत पर आकाश चौहान और विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके घर पर दबिश भी दी। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।