कपड़े की नामी कंपनी के नाम से नकली ब्रांड के कांबो पैक बनाकर बिक्री करने वाली अंबाला शहर की तीन फर्मों के खिलाफ कॉपी राइट का मामला दर्ज किया गया है। यह फर्म शहर में रेमंड कंपनी के नाम से नकली ब्रांड के कांबो पैक बनाकर असली के रुप में बेच रही थी। इसमें प्रिया साड़ीज, मनु टेक्सटाइल एजेंसी और बक्शी इंटरप्राइजिज शामिल हैं। इनके खिलाफ पुलिस ने कंपनी के नुमाइंदे की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
मनोज पई ने शिकायत में बताया कि वह मुंबई का निवासी है। उनकी कंपनी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखती है, ताकि मार्केट में रेमंड कंपनी के नाम पर नकली सामान की बिक्री न हो और कंपनी की साख पर असर न पड़े। उन्हें सूचना मिली थी कि शहर में कई दुकानदार रेमंड कंपनी के नाम पर कपड़े बेच रहे हैं। सूचना के बाद कंपनी ने अपने कई नुमाइंदों को जांच के लिए लगाया था। इसी दौरान सामने आया कि दुकानदार असली कपड़ा बताकर ग्राहकों को फर्जी कंपनी के कपड़े बेच रहे हैं।