सड़क हादसे में घायल बच्चा नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन
- फोटो : Ambala
अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित डीएवी रिवरसाइड स्कूल के सामने छुट्टी के बाद सड़क पार कर रहे भाई-बहन को कैंटर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि 15 वर्षीय ज्योति के पैर पर कैंटर का पहिया चढ़ गया और खून से लथपथ हो गई।
साथ चल रहा पांच वर्षीय दिव्यांश ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने शोर मचाकर कैंटर को रुकवाया। आनन-फानन में दोनों बच्चों को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से ज्योति को पैर की सर्जरी होने के कारण चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि दिव्यांश ठाकुर का उपचार देकर घर भेज दिया। बताया जाता है कि ज्योति नग्गल की रहने वाली है। हादसे के बाद मौके का फायदा उठाकर कैंटर चालक भाग रहा था जिसे राहगीर जितेंद्र वर्मा ने भागकर पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद