संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। समाधान शिविर में लौटों गांव के मोहित पूरी ने बताया कि उन्होंने नारायणगढ़-कालाआम्ब रोड के साथ लगती जमीन ठेके पर ले रखी है, इसके साथ कच्चा नाला है। इस नाले का गंदा पानी उनके खेतों में आ जाता है, इससे उनकी फसल खराब हो रही है, उन्होंने नाले की सफाई करवाने की मांग की है। इसी प्रकार महुआखेड़ी गांव के बरखा राम ने कहा कि उनके परिवार पहचान पत्र में गलती से किसी और का बिजली का मीटर दर्ज हो गया है, इस कारण उनका बीपीएल राशन कार्ड कट गया है।
उन्होंने बिजली का मीटर हटवाने और राशन कार्ड पुन: बनवाने का अनुरोध किया।वहीं बनौंदी व तंदवाल गांव के ग्रामीणों दिलबाग सिंह बनौदी, सतपाल, बलविंदर सिंह, शिव कुमार, सलिंदर कुमार व चरणजीत सिंह ने बरसाती पानी निकासी की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि पहले बड़ागढ़ की ओर से आने वाला बरसाती पानी बेगना नदी में जाता था, लेकिन अब वह पानी सीधे तंदवाल, बनौंदी, बीबीपुर व पतरहेड़ी गांवों की ओर बहकर कृषि योग्य भूमि में भर रहा है, इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने पानी की निकासी का रास्ता पुन: बेगना नदी की ओर करने और नदी किनारे पर स्टड लगवाने की मांग की। नारायणगढ़ की सरस्वती विहार कॉलोनी के सिंह राम ने गार्बेज चार्ज,टैक्स से संबंधित समस्या रखी, जबकि नन्हेड़ा के सुशील कुमार ने परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्ज होने से जुड़ी परेशानी रखी। समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।