अंबाला सिटी। नवरात्रों के पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में मां के भक्तों की भीड़ उमड़ी रही है। सुबह करीब पांच बजे से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो जाता है। मंदिर पुजारियों ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सभी भक्तजन श्रद्धा पूर्वक मां दरबार में पहुंच रहे हैं। इस बार नवरात्रों का विशेष महत्व माना जा रहा है। इसको लेकर सभी भक्तजन बहुत उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। वहीं मंदिर भवन के बाहर चुनरी, नारियल, आभूषण व माता जी के शृंगार आदि सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। जहां से भक्तजन श्रद्धा अनुसार विभिन्न प्रकार की सामग्री की खरीदारी कर मां के दरबार में समर्पित कर रहे हैं।
मां अंबिका देवी मंदिर के पुजारी रवि शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन की तरह मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ सुबह-शाम लग रही है। मंदिर परिसर में शाम करीब चार बजे महिला संकीर्तन मंडली की ओर से मां की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। इसमें भारी संख्या में महिला श्रद्धालु पहुंच रही हैं। इसी प्रकार अंबाला सिटी के सेक्टर-7 श्री नीलकंठ महादेव मंदिर के पुजारी भगवती प्रसाद पंडित भगवती प्रसाद ने बताया कि प्रतिदिन सुबह सेक्टर निवासी मंदिर परिसर में पहुंचकर विधिवत तरीके से पूजा अर्चना कर रहे हैं। सेक्टर-9 हाउसिंग बोर्ड स्थित श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन में भारी संख्या में भक्त मां के दरबार में आ रहे हैं।
ज्योतिषी पंडित कैन्हया लाल ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्रों में रंगों का अहम योगदान रहेगा। जो भक्त नवरात्रों के दिनों में विधिवत तरीके से शास्त्रों में बताए गए रंगों के अनुसार वस्त्र धारण करेंगे, उस पर मां की विशेष कृपा रहेगी। पंडित दिनेश शास्त्री ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे से मंदिर परिसर में माता जी के दरबार में पूजा अर्चना का कार्यक्रम शुरू किया जाता है। मंदिर के प्रधान भारत भूषण अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन चार से छह बजे तक करन म्यूजिकल ग्रुप एंड पार्टी की ओर से मां की महिमा का गुणगान किया जा रहा है।