- डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की राज्य स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की राज्य स्तरीय बैठक रविवार को बलदेव नगर में आयोजित की गई। एसोसिएशन के राज्य प्रधान प्रदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई बैठक में पेपरलेस पंजीकरण प्रणाली, राजस्व कार्यों और ऑटो इंतकाल में आ रही गंभीर तकनीकी त्रुटियों पर चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके कारण आम जनता और रजिस्ट्री कराने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कनाल-मरला और दशमलव की त्रुटियां-
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑटो इंतकाल प्रणाली में स्क्वायर (वर्ग) मीटर तो सही दर्ज हो रहा है, लेकिन कनाल-मरला में सिस्टम रकबा काफी कम दर्शा रहा है। ऐसी स्थिति में यदि किसी नागरिक को बैंक से ऋण (लोन) लेना पड़े, तो बैंक ऋण देने में असमर्थता जताते हैं। इससे जनता परेशान है।
इसके अलावा, डेटा इनकॉरपोरेट करते समय नए मालिक का नाम गायब हो जाना और खेवट व हिस्से में दशमलव से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें भी लगातार सामने आ रही हैं। एसोसिएशन ने हरियाणा के पटवारियों और कानूनगो की ओर से जनहित में की जा रही हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इसके साथ ही सरकार से मांग की कि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र विचार कर प्रणाली की कमियों को दूर किया जाए।
-
पेंडिंग इंतकाल के कारण रुक रहीं रजिस्ट्रियां
बैठक में एक और मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि यदि किसी खेवट में पिछला इंतकाल तकनीकी कारणों, किसी विवाद या पटवारी के अवकाश पर होने के कारण पेंडिंग है, तो उस खेवट की अगली रजिस्ट्रियां रोक दी जाती हैं। एसोसिएशन ने इसे पूरी तरह जनहित के विरुद्ध बताया।
सरकार से संज्ञान लेने की मांग
एसोसिएशन ने हरियाणा सरकार, राजस्व विभाग और निदेशक भू-राजस्व विभाग से मांग की है कि इन तमाम तकनीकी दिक्कतों का शीघ्र संज्ञान लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। बैठक के दौरान राज्य सचिव भूपेंद्र सिंह, खजांची धर्मपाल, कुरुक्षेत्र से कार्यकारिणी सदस्य बरखा राम सैनी, यमुनानगर से अमरीश शर्मा, बरवाला से प्रवीण, रतिया (फतेहाबाद) से जनक राज सिंगला और अंबाला छावनी से चंचल सिंह रीन मौजूद रहे।