हरियौली गांव हरयौली (डेरा) के सैनिक रणदीप का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। आर्मी की टुकड़ी ने हथियार उल्टे करके, मातमी धुन बजाकर और हवा में गोलियां दाग सलामी दी। इस दौरान आर्मी के सीओ रजत सेहरावत, सूबेदार मेजर हरिपाल, सूबेदार सोहन लाल, सूबेदार निर्मल कुमार, मुलाना विधायक वरुण चौधरी, डीएसपी अमित भाटिया, तहसीलदार पुण्यदीप शर्मा, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, सुखदेव सिंह, सूबेदार वीरेन्द्र कुमार व अन्य अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र भेंट कर श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार के समय गांव की हर आंख नम थी। डीसी अशोक कुमार ने भी वीर सपूत के निधन पर शोक जताया है।
2005 में हुआ था सेना में भती
जानकारी के अनुसार हरयौली (डेरा) गांव निवासी रणदीप 2005 में सेना में भर्ती हुए थे। उनकी पोस्टिंग सिक्किम के नाथुला दर्रा में 27 राजपूत रेजिमेंट में थी। गत शुक्रवार 1 नवंबर को रणदीप का अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। लगभग 33 वर्षीय रणदीप आर्मी में थे।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
सैनिक रणदीप के जाने के साथ ही 6 वर्षीय बेटी मानवी और 3 वर्षीय रिया के सिर से पिता का साया उठ गया। मासूम अभी यह समझने की हालत में भी नहीं हैं कि उनकी मां आखिर क्यों रोये जा रही है। दोनों बेटियों के अलावा रणदीप अपने पीछे दादा राजबल, पिता हुसन सिंह, माता, भाई व पत्नी अंजलि को छोड़ गए हैं।