अंबाला। हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2021-22 में प्रमोशन ऑफ एग्री कल्चरल मकेनाइजेशन स्कीम के तहत किसानों को अनुदान पर विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। साथ ही साथ कस्टम हायरिंग केंद्रों की स्थापना भी की जानी है।
उपकृषि निदेशक गिरीश नागपाल ने बताया कि कस्टम हायरिंग केंद्र की स्थापना से किसान अपनी आमदनी के साथ-साथ जमीन की उर्वरा शक्ति को बढ़ा सकते हैं। अनुदान लेने के इच्छुक किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा की वेबसाइट एग्रीहरियाणासीआरएमडॉटकॉम पर आवेदन करें। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि सात सितंबर है। बुकिंग राशि के तौर पर 2.5 लाख से कम सब्सिडी के लिए 2500 रुपये और 2.5 लाख से अधिक की सब्सिडी के लिए 5 हजार रुपये है। आवेदन करने वाले किसान ने पिछले 2 वर्ष से किसी भी स्कीम के तहत इस यंत्र पर सब्सिडी न ली हो। किसान का नाम हरियाणा सरकार द्वारा चालित स्कीम मेरी फसल मेरा ब्योरा में दर्ज होना अनिवार्य है। ट्रैक्टर चालित मशीन के लिए ट्रैक्टर हरियाणा सरकार द्वारा पंजीकृत होना चाहिए।