व्यासपुर। एक साल से वेतन सहित अन्य खर्च न मिलने पर आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन के बैनर तले खंड के वर्कर्स ने दोपहर को केंद्र पर ताला लगा दिया। इसके बाद सभी वर्कर्स महिला बाल एवं विकास विभाग कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गईं। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष जताया और नारेबाजी की।
इस दौरान सविता देवी, इंद्रजीत, कमलेरश रानी, वीरेंद्र कौर, ममता, पुष्पा, गुरचरण कौर सहित अन्य सभी वर्कर्स ने कहा कि उन्हें दस महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। दो वर्ष बीतने के बाद भी लेबर राशि नही दी गई है। वर्कर को प्रत्येक माह मिलने वाले पोषण राशि व जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आनलाइन खर्च नहीं दिया गया है। दो वर्ष बाद भी सही पोषण देश रोशन योजना का मासिक खर्चा नहीं दिया गया है। इस कारण आंगनबाड़ी वर्कर आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं। वर्कर्स ने कहा कि इससे पहले मई माह में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। तभी जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही वर्कर्स को एडब्लूसीसी सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा। परंतु तीन माह बीत जाने के बाद हालात वैसे ही है।
वर्कर्स ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को चेतावनी दी और कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है। वह केवल सरकार की योजनाओं को लेकर कार्य करेगी इसके अलावा कोई कार्य नहीं करेगी। मांगे पूरी होने तक महिला बाल विकास एवं विभाग कार्यालय के समक्ष अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। सीडीपीओ किरण रानी ने बताया कि वेतन को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखित रूप में अवगत करवा दिया गया है, जल्द ही वेतन जारी हो जाएगा अन्य मांगों को भी जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा।