संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। डीएवी रिवरसाइड स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा जपनूर कौर ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए नया इतिहास रच दिया है। उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित सीबीएसई नेशनल फेंसिंग (तलवारबाजी) चैंपियनशिप 2026 के अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में जपनूर ने स्वर्ण पदक पर हासिल किया।
जपनूर ने यह जीत लगातार तीन वर्षों से नेशनल चैंपियन रही राव नपुन्ना को हराकर हासिल की। इससे उनका यह प्रदर्शन खेल विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। 26 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों व स्कूलों से सैंकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के पूल राउंड के सभी पांच मुकाबलों में जपनूर ने प्रतिद्वंद्वियों को एकतरफा अंदाज में मात दी। पहले मुकाबले में 5–0 से बढ़त बनाई।
इसी प्रकार दूसरे मुकाबले में 5–1, तीसरे में 5–2, चौथे में 5–0 और पांचवें व फाइनल मुकाबले में 5–2 से शिकस्त दी। पूल राउंड में लगातार पांच जीत दर्ज करने के बाद जपनूर ने शीर्ष स्थान के साथ नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई। इसके बाद नॉकआउट के प्रत्येक दौर में अपनी गति और सटीक तकनीक के बल पर उन्होंने सीधे फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में तीन बार की नेशनल चैंपियन को दी शिकस्त
फाइनल मुकाबले में जपनूर के सामने राव नपुन्ना थीं, जो लगातार तीन वर्षों से नेशनल चैंपियन रही हैं। अनुभवी खिलाड़ी के खिलाफ जपनूर ने आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया और 5-2 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। ।
कोच और परिवार की मेहनत लाई रंग
कोच विकास (हरियाणा खेल विभाग) ने जपनूर की फिटनेस, फुटवर्क, स्पीड और मैच की रणनीति पर महीनों तक कड़ी मेहनत की। उन्होंने बताया कि जपनूर ने प्रतियोगिता के हर चरण में बेहतरीन अनुशासन और फोकस दिखाया। फाइनल में तीन बार की चैंपियन के खिलाफ खेलना आसान नहीं था, लेकिन उनकी मानसिक मजबूती ने उन्हें चैंपियन बनाया। वहीं, जपनूर के पिता अमनदीप सिंह मान ने बताया कि जपनूर का खेल के प्रति समर्पण बचपन से ही रहा है। परिवार ने हमेशा उनके सपनों को पूरा करने में हर संभव सहयोग दिया है।