फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबाला भरेगा विकास की उड़ान, रोडमैप तैयार

विज्ञापन
सूर्य की रोशनी के बीच साल का अंतिम दिन,यह नजारा है रेलवे फ्रेट कॉरिडोर नन्हेडा स्थित अंबाला छावनी - फोटो : Ambala
विज्ञापन
देश और प्रदेश में पिछले करीब पौने दो वर्षों में कोविड की वजह से विकास का पहिया थम गया। मगर, इस बीच अंबाला ने विकासकारी योजनाओं को सिरे चढ़ाकर कई ऊंचाइयों को छुआ। करोड़ों रुपये की लागत से अनेक परियोजनाएं इस साल पूरी होने के बाद इनका उद्घाटन हुआ है। वहीं कई विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। इनमें करीब 40 किलोमीटर लंबी रिंग रोड परियोजना निर्माण के लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है।
विज्ञापन

पांच हाईवे को जोड़ने वाली रिंग रोड परियोजना से अंबाला को जाम से मुक्ति मिलेगी। वहीं शहर में दाखिल हुए बिना ही वाहन बाहर से निकल जाएंगे। इस परियोजना के लिए 1500 करोड़ रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। इसके अलावा बेहतर पेयजल आपूर्ति के लिए अद्दोमाजरा से कैंट तक करीब 23 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना पर काम चल रहा है, जोकि जल्द पूरी हो जाएगी।
यह परियोजना पूरी होने पर कैंट में पेयजल आपूर्ति पहले से और बेहतर होगी। इस साल अंबाला को गंदगी से मुक्त करने का रोडमैप भी तैयार किया गया है। इसके लिए 300 से ज्यादा डेयरियों को शहरी क्षेत्र से बाहर करने की योजना को हरी झंडी मिली है। इसके लिए ब्राह्मण माजरा में 21 एकड़ जमीन चयनित कर ली गई है। जल्द ही जमीन की रजिस्ट्री नगर परिषद के नाम की जाएगी। यहां आधुनिक डेयरी कांप्लेक्स बनाया जाएगा।
विज्ञापन

वर्ष 2021 के अप्रैल माह में अंबाला को नेताजी सुभाष पार्क की सौगात मिली और 29 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण कार्य पूरा हुआ। यहां झील के अलावा, म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन, नेता जी की 18 फुट ऊंची प्रतिमा, 300 से ज्यादा हेरिटेज लाइट, म्यूजिक सिस्टम, विभिन्न किस्म के पौधे लगाने का प्रावधान किया गया है। भविष्य में पार्क की झील में बोटिंग, फूड प्लाजा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं अगले साल तक अंबाला को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए यहां घरेलू हवाई अड्डे के निर्माण की परियोजना के लिए वर्ष 2021 में जमीन फाइनल की जा चुकी है। सिविल एविएशन मंत्रालय की ओर से 40 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है। इससे एयरपोर्ट टर्मिनल का ढांचा तैयार किया जाएगा व अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। जल्द ही 10 एकड़ जमीन सिविल एविएशन विभाग को मिलेगी। इसके बाद अंबाला से श्रीनगर व लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होंगी।
जल्द पूरा होगा शहर में तैयार हो रहा 100 बेड का सिविल अस्पताल
64.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे 100 बेड के अस्पताल की इस साल सौगात मिलने की उम्मीद है। इस कार्य को करने की 2018 में घोषणा हुई थी। इसके बाद से ही अस्पताल का कार्य तेजी के साथ जारी है। इसका लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
बन रहा लघु सचिवालय
पुराना सेशन कोर्ट की जगह पर लघु सचिवालय के निर्माण का कार्य दो साल पहले कार्य शुरू किया था। उम्मीद जताई जा रही है 31 मार्च 2022 तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। इस लघु सचिवालय को 7894 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
महावीर पार्क और नवरंग राय तालाब
अग्रसेन चौक के पास बन रहे महावीर पार्क व नवरंग राय तालाब की सौगात इस साल मिल सकती है। इसे करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इस कार्य की शुरुआत 2015 में की गई थी। कई बार यह कार्य काफी समय तक रुका रहा। मगर, अब उम्मीद है कि जल्द ही इसका लाभ अंबाला वासी उठा सकेंगे।
300 करोड़ में बन रहा शहीदी स्मारक
300 करोड़ रुपये की लागत से जीटी रोड पर शहीदी स्मारक का निर्माण हो रहा है। आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित स्मारक 22 एकड़ जमीन पर बन रहा है, जोकि जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। पहले चरण में 1857 की क्रांति की चिंगारी का अंबाला से फूटना, दूसरे चरण में हरियाणा में यह क्रांति व प्रभाव के अलावा तीसरे चरण में देश में क्रांति का फैलना व इसका प्रभाव प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य पहलुओं को भी आकर्षक तरीके से दर्शाया जाएगा।
30 करोड़ से अंडरग्राउंड हो रहे नाले
सदर क्षेत्र के 144 नालों को कवर करने के लिए स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना पर काम चल रहा है। इसमें करीब पांच किलोमीटर तक नालों को कवर किया जा चुका है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना चलाई जा रही है। इस योजना के पूरा होने पर कोई भी खुला नाला सदर क्षेत्र में नहीं होगा।
117 करोड़ का आधुनिक स्टेडियम
117 करोड़ रुपये की लागत से वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में फीफा अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है। फुटबॉल स्टेडियम के अलावा यहां एथलेटिक्स ट्रैक भी तैयार हो रहा है। इसका खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों का आयोजन हो सकेगा और रात में मैच कराने के लिए फल्ड लाइट व अन्य प्रावधान होंगे।
30 करोड़ का स्वीमिंग पूल तैयार
30 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम में ही ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जोकि जल्द पूरा होने वाला है। स्वीमिंग पूल के साथ वॉर्मअप पूल भी होगा। यहां खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। सर्दी में भी पूल का पानी गर्म रहेगा।
55.85 करोड़ में बनेगा होम्योपैथिक कॉलेज
55.85 करोड़ रुपये की लागत से चंदपुरा में होम्योपैथिक कॉलेज व अस्पताल का निर्माण शुरू हो चुका है। यहां विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे और मरीजों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।
42 करोड़ में लघु सचिवालय
42 करोड़ रुपये की लागत से कैंट में लघु सचिवालय का निर्माण पूरा होने वाला है। कैंट में अलग-अलग स्थानों पर सरकारी दफ्तर अब एक ही छत के नीचे होंगे। जनता को अपने कार्य करवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
100 करोड़ का बैंक स्क्वेयर
सदर क्षेत्र में बाजारों में स्थित सभी बैंकों को एक ही छत के नीचे लाने के लिए बैंक स्क्वेयर निर्माण परियोजना भी शुरू हो चुकी है। 100 करोड़ रुपये की लागत से 2.93 एकड़ में बन रही ग्रीन बिल्डिंग इको फ्रेंडली होगी। यहां 35 से ज्यादा बैंक एक छत के नीचे होंगे। साथ ही शापिंग कांप्लेक्स बनेगा।
10 करोड़ में सड़क सुंदरीकरण
डीसी रोड व निकलसन रोड को आधुनिक रूप देने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से रोड का सुंदरीकरण किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से यहां काम होगा, ताकि बाजार में लोगों को परेशानी न हो।
67 करोड़ का डॉक्टर कांप्लेक्स
लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से जगाधरी रोड पर सिविल अस्पताल के नजदीक डॉक्टर रेजिडेंस कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। डॉक्टरों को यहां फ्लेट्स दिए जाएंगे, ताकि उन्हें अस्पताल आने-जाने में दिक्कत न हो।
19 करोड़ में मल्टी लेवल पार्किंग
19 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे रोड पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाई जा रही है। पार्किंग में 300 से ज्यादा वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। सदर बाजार में आने वाले लोग यहां वाहन खड़े कर सकेंगे।
220 करोड़ का नेशनल हाईवे
लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए 220 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फोरलेन जगाधरी रोड बनाया जा रहा है, जोकि जल्द पूरी होने वाला है। 15 किलोमीटर रोड बनने से लाखों लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें