अंबाला। आतंकी घटनाओं को लेकर उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए अलर्ट के बाद जीआरपी ने छावनी और शहर रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में औचक चेकिंग अभियान चलाया। छावनी स्टेशन पर जीआरपी प्रभारी विलायती राम की अध्यक्षता में दर्जन भर ट्रेनों को खंगाला गया और यात्रियों को संदिग्ध व शरारती तत्वों को लेकर जागरूक किया गया, वहीं शहर रेलवे स्टेशन पर भी विशेष चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे परिसर, प्लेटफार्म और ट्रेनों में जांच की गई।
इस दौरान स्टेशन पर बैठे और ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को प्रेरित किया गया कि सफर के दौरान अंजान व्यक्ति से बात न करें और न ही उसे खाने-पीने की कोई वस्तु लें। यदि कोई संदिग्ध शरारती तत्व नजर आता है तो तुरंत इसकी जानकारी नजदीकी सुरक्षा कर्मचारी व ट्रेन में तैनात रेलवे कर्मचारी को दें ताकि घटना होने से पहले ही उसे रोका जा सके। जांच के दौरान दोनों रेलवे स्टेशन पर 50 सुरक्षा कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।