अंबाला। आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर दी गई रेल रोको की धमकी के मद्देनजर शनिवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध रहे।
सुरक्षा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। स्टेशन पर परिसर में फायरब्रिगेड, एंबुलेंस और डायल 112 की गाड़ियां भी खड़ी रही। हालांकि शाम तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली। पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनों का संचालन पूर्व की तरह ही रहा। वहीं आरपीएफ और जीआरपी भी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करती नजर आई। जीआरपी प्रभारी धर्मबीर सिंह ने बताया कि आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू एक वीडियो सामने आया था। इसमें उसने पंजाब के लोगों से आह्वान किया था कि वो 29 अप्रैल को रेलवे ट्रैक पर बैलगाड़ियां और ट्रैक्टर खड़ा कर दें।
उसने लोगों से ट्रेन रोकने की अपील की थी। वहीं आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया गया था। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाते हुए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती और की गई। इसके अलावा रेलवे थानों और पुलिस चौकियों को भी अलर्ट पर रखा गया। रेल पटरियों के किनारे भी जीआरपी कर्मचारी गश्त करते रहे। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई है।