अंबाला। अग्निवीर महिलाओं की भर्ती को लेकर युवतियां जोश से भरी दिखी। युवतियां सुबह चार बजे भर्ती सेंटर पर पहुंचने के लिए रविवार देर रात ही अंबाला पहुंच गई। युवतियां अपने परिजनों के साथ छावनी के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर उतरी लेकिन यहां पर कोई कर्मचारी या हेल्प डेस्क नहीं मिला। हालांकि, बस स्टैंड के आसपास युवतियों के लिए धर्मशालाओं में ठहरने के इंतजामों का दावा किया जा रहा था लेकिन ऐसा कुछ नहीं दिखा। इस कारण युवतियां परिजनों के साथ पहले स्टेडियम के बारे में पता करती रही है फिर करीब 3 किलोमीटर दूर होने के कारण उन्होंने मजबूरी में लाल कुर्ती व आसपास के होटलों में महंगे दामों पर कमरे लेकर रात गुजारी।
होटलों में 800 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक एक कमरे के वसूले गए। युवतियों का कहना था कि बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था होनी चाहिए थी या फिर सेना का हेल्प डेस्क होना चाहिए था। जो उन्हें भर्ती स्टेडियम और ठहरने की व्यवस्था के बारे में बता सके। भर्ती सात से नौ नवंबर तक खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम छावनी में होगी। भर्ती में हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली व चंडीगढ़ की महिला अभ्यर्थी भाग ले रही हैं। अभिभावकों और महिला अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु वाहन पार्किंग की व्यवस्था गांधी मैदान छावनी में की गई है। महिला अभ्यर्थियों को नो प्रेंगनेंसी प्रमाणपत्र के बिना भाग नहीं लेने दिया जाएगा।