अंबाला। गांव बरनाला रोड स्थित दशहरा मैदान के पास दो युवकों ने पिता-पुत्र से मारपीट की। साथ ही गाड़ी का शीशा भी ईंट मारकर तोड़ दिया। घायलों के मुताबिक सड़क किनारे दो युवक झगड़ रहे थे तभी ईंट कार से शीशे पर गिरी। नीचे उतरकर पूछा तो युवकों ने गली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते बेटे लक्ष्य शर्मा के सिर पर हमला कर लहूलुहान कर दिया।
घायल की शिकायत पर पुलिस ने हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गांव धनकौर अंबाला निवासी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि वह चंडीगढ़ से लौट रहा था। बलदेव नगर पहुंचकर उसने अपने बेटे लक्ष्य शर्मा को कार लेकर बुलाया था। यहां से वापस गांव धनकौर लौट रहे थे। शुक्रवार रात 11 बजे गांव बरनाला रोड स्थित दशहरा ग्राउंड के पास पहुंचे तो आपस में दो युवक झगड़ रहे थे। इसमें से शिवम अरोड़ा उर्फ शूटर ने ईंट से उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। जब वह बाहर निकला तो हमला कर दिया। हमलावर जान से खत्म करने की धमकी दे रहे थे। बड़ी मुश्किल से वे बलदेव नगर थाना पहुंचे। यहां से पुलिस की सुरक्षा में उन्होंने नागरिक अस्पताल में उपचार कराया। संवाद