अंबाला सिटी बस स्टैंड के बाहर सड़क के बीच दोंनो ओर लगी दुकानें।
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। अग्रसेन चौक से हनुमान मंदिर तक नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान चंद दिनों बाद ही बेअसर हो गया है। निगम कर्मियों ने सिटी बस स्टैंड के बाहर से जिन अस्थायी दुकानों को हटाया था, वहां फिर दुकानें सज गईं हैं। लिहाजा बाजार में अतिक्रमण की हालत पहले की तरह हो गई है।
रेहड़ी, फड़ी दुकानदारों के दोबारा उसी जगह पर आज जाने से यातायात व्यवस्था की हालत भी खस्ता हो चुकी है। अस्थायी दुकानदारों की वापसी से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस दल के साथ सिटी के अग्रसेन चौक से लेकर रेलवे स्टेशन हनुमान मंदिर तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया था। इस दौरान सैकड़ों फड़ी दुकानदारों को हटाया गया था। लेकिन, इस कार्रवाई के अगले ही दिन फिर पूरा बाजार पहले की तरह सज गया। अस्थायी दुकानदार अपनी दुकानदारी पूर्व की भांति चला रहे हैं।
नगर निगम ने बस स्टैंड के सामने वाले बाजार में मुनादी करवाई है। इसके माध्यम से रेहड़ी फड़ी संचालकों को चेतावनी दी गई कि वे उस जगह को पूरी तरह खाली कर दें। अन्यथा चालान कटेगा और सामान जब्त किए जा सकते हैं। यदि उन लोगों ने नगर निगम प्रशासन के आदेशों की अनदेखी की तो जल्द ही निगम की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- अमन ढांडा, डीएमसी, नगरनिगम अंबाला।