अंबाला। गांव केसरी में टूटे छज्जे के विवाद में झगड़े के बाद पड़ोसी महिला की हथौड़े से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने काबू कर दिया। उसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को एक दिन के रिमांड पर भेजा गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हत्या के समय इस्तेमाल किए गए हथौड़े को बरामद करेगी। पुलिस का कहना था कि कोर्ट में तीन दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन एक दिन का ही मंजूर हुआ।
बता दें कि गांव केसरी में 15 दिन पहले छज्जे का टुकड़ा गिरने के कारण हादसा हुआ था। उस समय आरोपी व महिला के बीच झगड़ा हुआ था। तभी से आरोपी कृष्ण रंजिश रखता था। हत्या करने से पहले आरोपी ने महिला मेमो देवी को रोककर मारपीट की। जैसे ही उसे बेटे ने देख लिया और वह छुड़वाने के लिए आया तो आरोपी हथौड़े से सिर पर कई वार कर मौके से फरार हो गया।