अंबाला। सोनीपत से राजपुरा रिश्तेदारी में गए युवक की वापस लौटते समय सैनिक रेस्ट हाउस के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पड़ाव पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पड़ाव पुलिस को दी शिकायत में सुंदर ने बताया कि वह गांव गढ़ी जिंजारा जिला सोनीपत का निवासी है। उसके सबसे छोटे लड़के रवि की सोनीपत गांव में बस अड्डे पर नाई की दुकान है। शुक्रवार को उसका बेटा रवि उसके साडू़ सुरेश के बेटे सागर निवासी टांडा जिला सोनीपत के साथ रिश्तेदारी में राजपुरा गया था। शाम को उसके साडू़ सुरेश के फोन पर रवि की बात हुई तो उसने कहा कि मैं वापस घर आ रहा हूं। सागर का उसे नहीं पता की वह कब आएगा। इसके बाद पिता को पता चला कि बेटा अंबाला छावनी सैनिक रेस्ट हाउस के पास सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गया है। सूचना के बाद वह अपने परिवार के साथ अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचे, जहां पर पता चला कि बेटे रवि की दुर्घटना में लगी चोटों के कारण मौत हो गई।