अंबाला। धान खरीद को लेकर किसानों का संघर्ष रंग लाया। मंडियों में सरकारी धान की खरीद शुरू हो गई है। कई दिन से मंडी में धान लेकर पहुंचे किसानों का धान खरीदा गया। जिले की 14 मंडियों में पहले ही दिन रिकॉर्ड धान की खरीद हुई। आंकड़ों के साथ पहले दिन विभिन्न सरकारी एजेंसियों ने 8756.6 मीट्रिक टन धान की खरीद की। इनमें सबसे अधिक 3 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद अकेले नारायणगढ़ की मंडी में हुई।
रविवार को जिले भर की मंडियों में रिकॉर्ड 8756.6 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। सबसे बड़ी मंडियों में शुमार अंबाला सिटी मंडी में केवल 720 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। इन मंडियों में डीएफएससी ने 1474 मीट्रिक टन, हैफेड ने 6 हजार 975 मीट्रिक टन और वेयर हाउस ने 301.6 मीट्रिक टन धान जिले की सभी 14 मंडियों से खरीदा है। खरीद के दौरान किसानों को शेड्यूल और गेट पास को लेकर काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, किसानों ने एक एकड़ की 25 क्विटंल धान खरीद पर रोक लगाने की मांग की है।
धान खरीद शुरू, नियमों से नाखुश हैं किसान
अंबाला सिटी। खरीद शुरू होने के बाद भी किसानों का संघर्ष कम नहीं हो रहा है। सरकार ने आदेश जारी करते हुए इस बार एक एकड़ जमीन से केवल 25 क्विंटल धान खरीद का एलान कर दिया है। सरकार द्वारा जारी किए गए एलान से किसान पूरी तरह नाखुश हैं। किसानों का कहना है अगर सरकार अपने इस फैसले को वापस नहीं लेती है तो किसानों को एक बार फिर संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इसके अलावा सरकार द्वारा तारीख निर्धारित करने को लेकर भी किसानों में रोष है। वहीं, दूसरी ओर खरीद एजेंसियों द्वारा धान की खरीद शुरू कर दी गई है। रविवार को जिले भर की मंडियों में धान की खरीद का दौर जारी रहा। इस दौरान जिन किसानों की फसल में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत है केवल उन्हीं किसानों की फसल खरीदी गई। इसके अलावा अन्य किसानों को फसल सुखाने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में उन किसानों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है जो पिछले कई दिन मंडी में बैठे हैं। मगर उनकी फसल की खरीद अभी तक नहीं हुई है। इसके अलावा गेट पास व ऑनलाइन फसल शेड्यूल को लेकर किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
संघर्ष के बाद सरकार ने शुरू की खरीद
सरकार की ओर से पहले 25 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद उस तारीख को बढ़ाकर 1 अक्तूबर कर दिया गया। मगर, जैसे ही सरकार ने 11 अक्तूबर से धान खरीद करने का पत्र जारी किया तो किसानों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने भाजपा व जजपा नेेताओं के घरों का घेराव कर दिया। दिनभर टकराव की स्थिति के बाद सरकार ने अगले ही दिन से धान की फसल खरीद शुरू करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद अंबाला सिटी अनाज मंडी में 200 किसानों को शेड्यूल के हिसाब से गेट पास जारी किए गए।
इस मंडी में इतनी हुई खरीद
मंडी-- धान (मीट्रिक टन में)
अंबाला सिटी-- 720
अंबाला कैंट--1291
बराड़ा--612
भरेड़ी कलां--410
कड़ासन--270
केसरी--350
मुलाना--136
नन्यौला--110
नारायणगढ़--3000
साहा-- 375
सरदेहड़ी--410
शहजादपुर--301
तरेहड़ी-- 555
उगाला --250
कुल-- 8756.6
जिलेभर की मंडियों में कुल 8756.6 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। पहला दिन काफी अच्छा रहा है, धान की खरीद लगातार जारी रहेगी।
-राजेश्वर मुदगिल, डीएफएससी, अंबाला।